
New Delhi. कांग्रेस ने झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए। कांग्रेस ने प्रदेश से दो राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव में एक पर प्रणव झा को उम्मीदवार बनाया है। झा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय से संबद्ध हैं। कांग्रेस ने बघेल और पार्टी नेता अजय शर्मा को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी ने यह कदम उस वक्त उठाया है जब सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)के कुछ नेताओं ने कहा है कि पार्टी दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि झामुमो दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।
प्रदेश में सत्तारूढ़ गठबंधन के कुल 56 विधायक हैं और राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को 28 मतों की आवश्यकता है।
इनमें झामुमो के पास 34, कांग्रेस के पास 16, राजद के पास चार और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के पास दो विधायक हैं।
