Ranchi, तीन नवंबर (भाषा) झारखंड के रांची जिले में सोमवार रात घर से बाहर जाने से रोकने पर एक व्यक्ति ने अपने नाबालिग बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पिता देवनाथ उरांव को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना नरकोपी थाना क्षेत्र के बोबरो गांव में हुई और मृतक की पहचान नीतेश उरांव (17) के रूप में हुई है। नरकोपी थाना प्रभारी शैलेंद्र टुडू ने बताया, देवनाथ ने अपने बेटे पर सोते समय कुदाल से हमला किया था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी का स्वभाव कुछ असामान्य था। सोमवार रात उसके बेटे ने उसे घर से बाहर जाने से रोका था। इससे वह नाराज था और गुस्से में उसने बेटे पर कुदाल से हमला कर दिया।”
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) ले जाया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुदाल भी जब्त कर ली है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
