Site icon Lahar Chakra

Jharkhand:रांची में FIITJEE के चेयरमैन, सीइओ और सीएफओ पर 98,900 रुपये ठगी का आरोप, केस दर्ज

Ranchi. हरिओम टावर स्थित फिटजी के चेयरमैन डीके गोयल, सीइओ मनीष आनंद और सीएफओ राजीव बब्बर पर 98,900 रुपये ठगी के आरोप में लालपुर थाना में केस दर्ज किया गया है. यह केस मधुकम साईं बिहार कॉलोनी निवासी जगदीश गुप्ता की शिकायत पर दर्ज हुआ है.

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने अपने पुत्र शुभंक राज का एडमिशन फिटजी इंस्टीट्यूट में अक्तूबर 2024 में सत्र 2025-27 के लिए कराया था. एडमिशन के दौरान शिकायतकर्ता की बेटी ने 47,600 रुपये ऑनलाइन भुगतान किया था. इसके बाद उन्होंने 51,300 रुपये का चेक दिया था. चेक 12 दिसंबर 2024 को क्लियर हो गया था.

शेष आठ पोस्ट डेटेड चेक अप्रैल 2025, जुलाई 2025, अप्रैल 2026 और जुलाई 2026 की तिथि में दिये गये थे. यह सभी चेक वर्तमान में फिटजी कोचिंग इंस्टीट्यूट के पास ही हैं. बाद में शिकायतकर्ता ने उक्त सभी चेक को एसीबीआइ में आवेदन देकर भुगतान रोकने का आग्रह किया था. हाल में शिकायतकर्ता को जानकारी मिली कि संस्थान को बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बंद कर दिया गया है.

निकट भविष्य में संस्थान के खुलने के आसार नहीं हैं. शिकायतकर्ता के अनुसार, इस तरह उनके और उनके जैसे सैकड़ों अभिभावकों व उनके बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ गया है, क्योंकि बोर्ड और जेइइ की परीक्षा निकट है. यह पूरी तरह से बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने जैसा है. कोचिंग इंस्टीट्यूट के उक्त लोगों ने साजिश के तहत धोखाधड़ी कर फीस के रूप में ली गयी राशि का गबन कर लिया है.

Exit mobile version