Chatra. झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने चार अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से ढाई किलोग्राम अफीम बरामद किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम गांव में छापेमारी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोप है कि वे प्रतिबंधित सामान की खरीद-बिक्री के लिए वहां जुटे थे। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने संवाददाताओं को बताया, “हमने चार अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 20 लाख रुपये मूल्य की ढाई किलोग्राम अफीम बरामद की। इसके अलावा, उनके पास से चार लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। हालांकि, उनका एक साथी फरार हो गया। उन्होंने बताया कि जब्त की गई अफीम पंजाब ले जाई जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक मुनेश्वर यादव का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ हरियाणा के करनाल सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि लावालौंग थाने में स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

