Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: RIMS के चार छात्र नहाने के दौरान पेरवांघाघ जलप्रपात के गहरे पानी में डूबे, एक की मौत, तीन को बचाया

Ranchi.झारखंड के खूंटी जिले के मनोरम पेरवांघाघ जलप्रपात में रविवार को एक दुखद घटना घटी, जब रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) के चार छात्र नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. इस हादसे में अभिषेक माइकल खलखो (24) नामक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया. हालांकि उनकी मौत हो गयी.

रिम्स के कुल 26 मेडिकल छात्र रविवार को पेरवांघाघ जलप्रपात में पिकनिक मनाने के लिए आए थे. उत्साहित छात्र जलप्रपात के पास बह रही नदी में नहाने उतर गए. नहाने के दौरान अचानक अभिषेक माइकल खलखो, कीर्तिबर्द्धन मुंडा, जासुआ टोप्पो और अजय मोदी अनजाने में नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. अपने साथियों को डूबता देख, किनारे पर मौजूद अन्य छात्रों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उन्हें किसी तरह पानी से बाहर निकाला.

पानी से निकाले जाने के बाद अभिषेक माइकल खलखो की हालत बेहद गंभीर थी. आनन-फानन में उसे तोरपा स्थित रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया. अभिषेक माइकल खलखो की अत्यंत गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल रिम्स, रांची रेफर कर दिया, ताकि उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके. लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. अभिषेक माइकल रिम्स में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था और अपने साथियों के साथ छुट्टी का आनंद लेने पेरवांघाघ आया था.

Exit mobile version