Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Gangwar: जमीन के पैसों को लेकर गैंगवार; रांची में ताबड़तोड़ फायरिंग में 3 लोगों को लगी गोली

Ranchi. राजधानी रांची में शनिवार की देर रात जमीन और पैसों को लेकर दो अपराधियों के गिरोह में विवाद के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस फायरिंग में तीन लोगों को गोली लगी है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से आधा दर्जन से ज्यादा खोखा बरामद किया है। मामले में कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। रांची के पिस्का मोड़ तेल मिल गली में शनिवार की रात दो अपराधी गिरोह में ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना हुई। गोलीबारी की घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में अपराधी सन्दीप थापा गुट के जमीन कारोबारी विकास सिंह, उसके भाई आकाश सिंह उर्फ मोगली के अलावा दूसरे अपराधी संजय पांडेय गुट के रवि यादव नामक युवक शामिल हैं।

घायल विकास सिंह को छाती और हाथ में कुल तीन गोली लगी है जबकि उसके भाई को हाथ में गोली लगी है। घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां प्रारंभिक इलाज के बाद निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया ह। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायल खतरे से बाहर हैं। वहीं रवि यादव को मुंह और हाथ में गोली लगी है। रिम्स में इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी पारस राणा, कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सुखदेव नगर थाना प्रभारी और पंडरा ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद और पैसे के लेनदेन को लेकर अपराधियों ने घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।

Exit mobile version