Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार से की रांची में एम्स और 400 एम्बुलेंस की मांग

Ranchi. झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने शनिवार को केंद्र सरकार से रांची में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थापित करने और राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 400 एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया। अंसारी ने कहा कि राज्य का एकमात्र एम्स देवघर में है, जो रांची से लगभग 300 किलोमीटर दूर है। इससे राज्यभर के मरीजों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने कहा, मरीजों को देवघर तक करीब 300 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) पूरे राज्य का स्वास्थ्य भार संभाल रहा है। रांची में एम्स बनने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।’’

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने रांची में मौजूदा राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के विस्तार के रूप में रिम्स-2 की स्थापना के लिए एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से ऋण लिया है। अंसारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए राज्य ने केंद्र सरकार से 400 एंबुलेंस भी मांगी हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सरकार सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल और महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य के सभी जिलों में आधुनिक मातृ एवं शिशु अस्पताल स्थापित करने की योजना बना रही है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी और महिलाओं को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। अंसारी ने कहा कि झारखंड की युवा आबादी को बोझ नहीं, बल्कि बहुमूल्य मानव संसाधन के रूप में देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो यही आबादी राज्य की सबसे बड़ी ताकत बन जाएगी।’’

Exit mobile version