Site icon Lahar Chakra

झारखंड : PLFI सुप्रीमो दिनेश गोप की पत्नी को हाईकोर्ट से मिली जमानत

Ranchi : प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के सरगना दिनेश गोप की पत्नी हीरा देवी को झारखंड हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है. टेरर फंडिंग और लेवी वसूली के मामले में गिरफ्तार हीरा देवी को अदालत ने जमानत दे दी है.

हीरा देवी को 31 जनवरी 2020 को NIA ने दिनेश गोप की दूसरी पत्नी शकुंतला कुमारी के साथ गिरफ्तार किया था. दोनों पर आरोप है कि वे दिनेश गोप के साथ मिलकर उगाही के पैसे को फर्जी कंपनियों में निवेश कर रही थीं. इस पूरे नेटवर्क में सुमंत कुमार और अरुण गोप जैसे कई सहयोगी भी शामिल थे.

बाद में 21 फरवरी 2023 को NIA ने खुद दिनेश गोप को भी टेरर फंडिंग मामले में गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद से वह जेल में है.
एक और मामले में, नोटबंदी के दौरान अवैध लेवी की रकम को खपाने की कोशिश का भी खुलासा हुआ था. 10 नवंबर 2016 को बेड़ो थाना पुलिस ने SBI बेड़ो ब्रांच से छापेमारी कर तीन लोगों विनोद कुमार, चंद्रशेखर कुमार, और नंदकिशोर महतो को गिरफ्तार किया था. इनके पास से 25 लाख 38 हजार रुपये की पुरानी करेंसी बरामद हुई थी.

इस केस की जांच NIA ने 16 जनवरी 2018 को टेकओवर की थी. अब तक इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है. गिरफ्तार लोगों में कई नामी स्थानीय चेहरे जैसे इंजीनियर सुमंत कुमार, नंदलाल स्वर्णकार, और जितेंद्र कुमार शामिल हैं.

Exit mobile version