
Ranchi.हिमाचल प्रदेश हाइकोर्ट के जस्टिस तरलोक सिंह चौहान झारखंड हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस बनाये गये हैं. वहीं, झारखंड हाइकोर्ट के वर्तमान चीफ जस्टिस एमएस रामचंद्र राव को स्थानांतरित करते हुए त्रिपुरा हाइकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया है. इस संबंध में केंद्रीय विधि व न्याय मंत्रालय के संयुक्त सचिव जगनाथ श्रीनिवासन के हस्ताक्षर से अधिसूचना जारी कर दी गयी है. उल्लेखनीय है कि 26 मई को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हिमाचल प्रदेश हाइकोर्ट के जज जस्टिस तरलोक सिंह चौहान को झारखंड हाइकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त करने की सिफारिश की थी.
जस्टिस चौहान हिमाचल प्रदेश हाइकोर्ट में चीफ जस्टिस के बाद सबसे सीनियर जज हैं. उन्होंने शिमला से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई की है. उन्होंने 1989 में हिमाचल प्रदेश बार काउंसिल में एडवोकेट के तौर पर दाखिला लिया था. वर्ष 2014 में उन्हें हाइकोर्ट के अतिरिक्त जज के तौर पर पदोन्नत किया गया. उसी साल उन्हें स्थायी न्यायाधीश भी नियुक्त किया गया था.
