
Ranchi. खूंटी–सिमडेगा मुख्य पथ पर सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में रांची के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान 65 वर्षीय छत्तीसगढ़ निवासी स्टेनिस लास कुजूर और 56 वर्षीय ओडिशा के संलग बहार निवासी ग्रेगोरी बिलुंग के रूप में हुई है. दोनों मिशनरी धर्म समाज से जुड़े पादरी थे. ग्रेगोरी बिलुंग ‘आपूचिन सोसाइटी’ के चेयरमैन थे, जबकि स्टेनिस लास कुजूर सामलोंग स्थित रांची विद्या सदन से जुड़े थे. अनगड़ा, गेतलसूद और सामलोंग से करीब 60 सदस्यों की एक टीम तोरपा के चंचला घाघ पिकनिक मनाने गई थी.
लौटते समय स्टेनिस लास कुजूर और ग्रेगोरी बिलुंग एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार थे, जबकि बच्चे और अन्य साथी अलग बस में यात्रा कर रहे थे. शाम करीब चार बजे चकला मोड़ के पास स्कॉर्पियो तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई, जिससे दोनों पादरियों की मौके पर ही मौत हो गई.थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का नियंत्रण खोना सामने आया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
