
Ranchi.एनजीटी की रोक के बाद भी बालू का खनन और इसके उठाव पर अब तक रोक क्यों नहीं लग पायी है.? इस संबंध में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त अंजनी कुमार मिश्रा ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की और पूछा कि जब बालू उत्खनन पर एनजीटी की रोक लगी हुई है, तो बालू का उठाव कैसे और कहां से हो रहा है?. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से पूरी रिपोर्ट मांगी है. साथ ही थाना प्रभारियों को कहा है कि बालू के अवैध उठाव पर अंकुश लगायें.
इस कार्य में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि देर रात नदियों से बालू का खनन हो रहा है और अहले सुबह तक लगातार उठाव किया जा रहा है. कहा कि पेट्रोलिंग करायें और जो दोषी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करें. रोक के बाद भी उत्खनन जारी रहना गंभीर मामला है. सभी जिला खनन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जहां बालू डंप हो रहा है, वहां का सेक्शन मेजरमेंट करें और उसकी रिपोर्ट दें. साथ ही डंपिंग एरिया के खनन पट्टा की भी मापी करें, जिससे ये पता चल सके कि जितनी एरिया का खनन पट्टा दिया गया है, उसी के अंदर उत्खनन हो रहा है या नहीं
