
Hazaribag.हजारीबाग के बरही थाना क्षेत्र के रसोईया धमना बाराटोला गांव में एक दुखद घटना सामने आई है. रविवार की देर रात को एक जर्जर मकान की छत गिरने से हबीब अंसारी और उनकी पत्नी जुमेरा खातून की मौत हो गई. दोनों की उम्र लगभग 50 वर्ष थी. मलबे में दबे दंपती को ग्रामीणों ने बाहर निकाला. उन्हें तुरंत बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतक जुमेरा खातून वार्ड संख्या 9 की जनप्रतिनिधि थीं. वे गांव के सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती थीं. दंपती अपने पीछे चार पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए.
