
Gumla. भंडरा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जिसमें पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर में ही दफना दिया. मृतका की पहचान फुलो उरांव उर्फ़ पगली के रूप में हुई है. घटना रविवार की बतायी जा रही है. कुछ दिनों तक महिला की कोई जानकारी नहीं मिलने पर ग्रामीणों को शक हुआ. उन्होंने रघु उरांव के घर का निरीक्षण किया, जहां ताज़ा खुदाई की गयी मिट्टी देखी गयी. शक के आधार पर ग्रामीणों ने पहले पंचायत मुखिया को सूचना दी, फिर पुलिस को जानकारी दी गयी.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की. भंडारा थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि सत्यापन के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि रघु उरांव ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को घर में ही जमीन में गाड़ दिया था. इसके बाद मजिस्ट्रेट बीडीओ प्रतिमा कुमारी की उपस्थिति में शव को बाहर निकाला गया. फॉरेंसिक टीम ने शव का निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच में यह आशंका जतायी गयी कि हत्या गला दबाकर की गयी है.
