


Ranchi. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भी पहल कर रही है. सिंचाई के लिए केनाल सिस्टम खत्म कर पाइप लाइन सिस्टम बनाने पर काम हो रहा है. लिफ्ट इरिगेशन की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं. किसान को सही बाजार मूल्य मिल सके. इस पर ध्यान देना है. ऐसा नहीं हो कि बारिश के बाद किसान को बीज मिले. फसल काटने के समय खाद मिले. इसके लिए एक नीति बना कर इसे दुरुस्त करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार एक लाख कुआं खोदने जा रही है. सभी किसान इसका लाभ उठायें. मुख्यमंत्री शनिवार को बिरसा कृषि विवि में तीन दिवसीय ‘एग्रोटेक किसान मेला-2025’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे.
सीएम ने कहा कि कृषि जैसा उद्योग धरती पर नहीं है. ईमानदारी से किया कार्य बेकार नहीं जाता है. उन्होंने कहा कि अब तो ऐसी मशीन आ गयी है, जिससे किसान खुद को आत्मनिर्भर बना सकते हैं. घर बैठे ही तेल निकाल सकते हैं. किसान हमारे अन्नदाता हैं. पूरे राज्य में 25-25 एकड़ में ‘किसान पाठशाला’ खोली जा रही है, ताकि किसान खेती-बाड़ी की सही जानकारी प्राप्त कर सकें और खेती की तकनीक से परिचित हो सकें.
मंईयां योजना से सशक्त बनें महिलाएं
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की महिला-दीदी से अपील की है कि वे मंईयां सम्मान योजना से मिल रही राशि का सदुपयोग करें. गाय खरीद कर खुद दूध पीयें, खून की कमी दूर करें, कुपोषण को दूर भगायें और इसे बेचकर कमायें भी. इस पैसे से मुर्गी खरीदें, अंडा खायें और इसे बेच कर आर्थिक रूप से सशक्त बनें. उन्होंने कहा कि राशि को डबल व ट्रिपल कराने के लिए जगह-जगह दलाल घूम रहे हैं. आप इन दलालों के चक्कर में न पड़ें.



