
Ranchi. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए 21 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर पूर्वोत्तर की राजनीति में अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज करा दी है। अब तक मुख्य रूप से झारखंड केंद्रित राजनीति करने वाली पार्टी विस्तार करना चाह रही है। झामुमो की सूची में डिगबोई, दुलियाजन, मार्धेरिटा, मकुम और डूमडूमा जैसे क्षेत्र शामिल हैं, जो चाय बागान और औद्योगिक गतिविधियों के लिए जाने जाते हैं। इन क्षेत्रों में श्रमिक और आदिवासी मतदाता बड़ी संख्या में हैं। पार्टी ने भारत नायक, जर्नल मिंज और मुना कर्माकर जैसे उम्मीदवारों को उतारकर इन वर्गों को साधने की कोशिश की है। यह रणनीति कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने का प्रयास भी मानी जा रही है।
असम विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत आखिरकार बेनतीजा रही। लंबे मंथन के बाद भी सीट शेयरिंग पर सहमति नहीं बन सकी। कांग्रेस जहां सात सीटों से आगे बढ़ने को तैयार नहीं थी, वहीं झामुमो 20 सीटों पर दावा ठोक रहा था। ऐसे में पार्टी ने अब अकेले चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिया है।
