Dhanbad. झारखंड के धनबाद जिले में रेलवे पटरियों के पास एक वकील मृत मिला। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि रविवार को धनबाद थानाक्षेत्र के विनोद नगर में आदित्य केशरी नामक वकील का शव मिला तथा सिर धड़ से अलग था। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह ट्रेन से कट जाने का मामला लगता है।
थाना प्रभारी ने कहा, शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। हम इस पर कोई भी टिप्पणी करने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करेंगे। केशरी के परिजनों के बयानों के आधार पर, हमने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है। केशरी धनबाद जिला अदालत में वकालत करते थे। केशरी वकीलों के एक प्रतिष्ठित परिवार से थे। वह हीरापुर की प्रोफेसर कॉलोनी के निवासी थे।
