
Ranchi. झारखंड के रांची में मंगलवार को एक कॉलोनी के पार्किंग क्षेत्र में एक लेफ्टिनेंट कर्नल रैंक के सैन्य अधिकारी मृत पाए गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना खेलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत खेलगांव आवासीय परिसर की है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दिवाकर कुमार (48) के रूप में हुई है और वह रांची स्थित स्टेशन मुख्यालय में तैनात थे. खेलगांव थाना प्रभारी गजेश कुमार ने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी यहां परिसर स्थित आठ मंजिला इमारत की छत से गिर गए और हम जांच कर रहे हैं कि क्या वह दुर्घटनावश गिरे या उन्होंने आत्महत्या करने के प्रयास में छत से छलांग लगायी.
कुमार ने बताया कि दिवाकर के परिजन के अनुसार, उनका अवसाद से संबंधित समस्याओं के लिए दवाएं ले रहे थे। उन्होंने बताया कि सोमवार रात को वह खाना खाने के बाद छत पर गए थे और आज सुबह उनके एक पड़ोसी ने उनका शव देखा.
पत्नी ने यह बताया
दिवाकर सिंह की पत्नी ने पुलिस को बयान दिया है कि वे पिछले कई महीनों से डिप्रेशन में थे और उनका इलाज भी चल रहा था. पत्नी के अनुसार दिवाकर सिंह हर शाम काफी देर तक बिल्डिंग के छत पर जाकर बैठा करते थे. सोमवार की शाम भी वे छत पर ही बैठे हुए थे. पत्नी ने इस दौरान फोन कर उन्हें कई बार नीचे बुलाया, लेकिन वे नहीं आए.
देर रात होने पर पत्नी और उनकी बेटी सोने चली गयी. इसी बीच मंगलवार की सुबह पत्नी को यह जानकारी दी गई की पार्किंग एरिया में दिवाकर सिंह का शव पड़ा हुआ है. 48 वर्षीय लेफ्टिनेंट कर्नल दिवाकर सिंह की पोस्टिंग रांची के नामकुम में थी.
