Lahar Chakra

Jharkhand: बच्चे को बेरहमी से पीटने, गला दबाने का वीडियो वायरल होने पर आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कमर में रस्सी बांधकर पैदल घुमाया

Hazaribag.हजारीबाग की बरही पुलिस ने बच्चे(11) को बेरहमी से पीटने वाले हरिनगर, बरही निवासी आलोक गुप्ता को गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हजारीबाग पुलिस को मामले में अविलंब कार्रवाई का निर्देश दिया था. वायरल वीडियो में अभियुक्त आलोक गुप्ता नाबालिग बच्चे की बेरहमी से पिटाई करते दिख रहा है. बच्चा मार खाते हुए चीख-चिल्ला और गिड़गिड़ा रहा था. वहां मौजूद कुछ महिलाएं भी अभियुक्त से आरजू-विनती कर रही थीं. कह रही थीं कि बच्चे को मत मारो. लेकिन वह किसी की नहीं सुन रहा था.

वह बच्चे को पीटते-पीटते अपनी स्कूटी की सीट पर ले जाकर पटक दे रहा था और उसके गले को दबा रहा था. पीड़ित के पिता अनिल प्रजापति ने बताया कि 16 दिसंबर की शाम पांच एक्स पर पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री को टैग करते हुए बच्चे के साथ घृणित बर्ताव की शिकायत की थी. मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में हजारीबाग पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

आरोपी को ले जाने के क्रम में पुलिस की गाड़ी खराब हो गयी. इसके बाद उसे कमर में रस्सी बांधकर पैदल ही बरही चौक तक ले जाया गया. एसडीपीओ ने कहा कि यह घोर अमानवीय हृदयविदारक घटना है. पीड़ित बच्चे की मेडिकल जांच कर उसकी देखभाल की जायेगी. निर्दयता से मारपीट के चलते बच्चा काफी डरा हुआ है. महिला पुलिस की टीम से बच्चे की काउंसिलिंग करायी जायेगी.

Exit mobile version