Lohardaga . झारखंड के लोहरदगा जिले में सोमवार को एक कमरे से दो लोगों के शव मिले, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिला के पति को कथित तौर पर अवैध संबंध के शक में दोनों की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
यह घटना रविवार रात भंडरा थाना क्षेत्र के कुंबाटोली में हुई। भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने कहा, हमें रविवार रात करीब 11 बजकर तीस मिनट पर सूचना मिली कि पति ने धारदार हथियार से अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति की हत्या कर दी है। जब हम मौके पर पहुंचे तो कमरे में दोनों के शव मिले। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम भेजी गई है। कथित अवैध संबंध के बारे में पूछे जाने पर थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस इस मामले की पुष्टि कर रही है। मृतकों की पहचान पूजा लहेरी और बिहार के बाढ़ निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। महिला के पति की पहचान सोनू लहेरी के रूप में की गई है।
