
Ranchi. स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में ऑर्गन ट्रांसप्लांट एडवाइजरी काउंसिल की बैठक हुई. इसमें मिलिट्री हॉस्पिटल नामकुम को कॉर्निया ट्रांसप्लांट के लिए लाइसेंस जारी करने की अनुमति दी गयी. वहीं, टीएमएच जमशेदपुर और शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, धनबाद के लाइसेंस का रिन्यूअल किया गया है. यहां बता दें कि कमेटी के समक्ष कुल आठ अस्पतालों ने लाइसेंस के लिए आवेदन दिया था. इसमें से एचइसी पारस हॉस्पिटल, ब्रह्मानंद नारायण मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, एएसजी आइ हॉस्पिटल, ऑर्किड मेडिकल सेंटर और कोडरमा रोटरी चैरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित रोटरी आइ हॉस्पिटल का दोबारा निरीक्षण किया जायेगा.
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि जिन अस्पतालों का लाइसेंस जारी नहीं किया जा रहा है, उनका दोबारा निरीक्षण किया जायेगा. नये सिरे से प्रतिवेदन सौंपने के बाद समीक्षा की जायेगी. उन्होंने कहा की कमेटी की जांच रिपोर्ट पुरानी है, इसलिए ट्रांसप्लांट नियमों के अनुसार अस्पताल की सुविधाओं का जायजा लिया जायेगा. बैठक में निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं चंद्र किशोर शाही, हृदय रोग विशेषज्ञ प्रकाश कुमार, रिम्स नेफ्रोलॉजी की एचओडी प्रज्ञा घोष पंत और झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता और स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे.
