Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: लड़की से छेड़छाड़ की कोशिश का विरोध करने पर मामा की हत्या, माता-पिता घायल

Medninagar. झारखंड के पलामू में एक नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ और उसे अगवा करने का प्रयास करने वाले कुछ लोगों का विरोध करने पर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि घटना में मृतक की बहन और बहनोई घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार को बंदुआ गांव में हुई और इस सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और उसका अपहरण करने का प्रयास किया था, जिसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि इसके बाद, पीड़िता के माता-पिता और मामा ने आरोपियों के पास जाकर विरोध जताया, जिसके बाद उनके बीच बहस हुई। इस दौरान आरोपियों ने लड़की की मां और मामा पर चाकू से वार किया और उसके पिता पर गोली चला दी।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया, तीनों घायलों को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान लड़की के मामा की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने 19 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उनमें से नौ को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ ‘यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण’ (पॉक्सो) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जबकि शेष फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

Exit mobile version