Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: उग्रवादी संगठन TSPC ने NCC कंपनी के वोल्वो हाइवा पर पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग

Ranchi.प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। टंडवा थाना क्षेत्र के कुमरांग खुर्द चौपाल के पास हथियारबंद दस्ते ने एनसीसी कंपनी के एक कीमती वोल्वो हाइवा को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। रात करीब 11:30 बजे 5-6 नकाबपोश उग्रवादी सादे लिबास में पहुंचे। उन्होंने बंदूक की नोक पर हाइवा चालक को वाहन से नीचे उतारा और देखते ही देखते करोड़ों रुपये के वाहन को फूंक दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और माइनिंग साइट पर काम ठप होने की कगार पर है।
हैरानी की बात यह है कि इस हमले की पटकथा एक सप्ताह पहले ही लिखी जा चुकी थी।

टीएसपीसी के प्रवक्ता कर्मवीर ने विज्ञप्ति जारी कर अधिकारियों को ‘लेवी’ (रंगदारी) के लिए खुली चेतावनी दी थी। एनसीसी कंपनी के जीएम ने पहले ही पुलिस को संभावित खतरे की जानकारी देकर सुरक्षा मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद उग्रवादी वारदात को अंजाम देकर आसानी से निकल गए। घटना के बाद चतरा पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। हालांकि, पुलिस इसे सीधे तौर पर उग्रवादी घटना कहने से बच रही है, लेकिन दहशतजदा कर्मचारी काम पर लौटने से कतर रहे हैं। अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

Exit mobile version