Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Murder: राजधानी रांची के पास अंधाधुंध फायरिंग, जमीन कारोबारी को गोली मारकर हत्या, शूटर सहित छह गिरफ्तार

Ranchi. रांची के रातू में रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे अंधाधुंध फायरिंग कर जमीन कारोबारी रवि कुमार की हत्या कर दी गयी. वहीं दूसरे व्यक्ति मुंडा टोली निवासी स्व किशुन गोप के पुत्र राजबलम गोप उर्फ बलमा को पीछा करने पर गोली मारकर घायल कर दिया गया. घटना के वक्त दोनों व्यक्ति प्रकाश लोहरा उर्फ चरका के घर पर शराब पी रहे थे. फायरिंग दो नकाबपोश अपराधियों द्वारा की गयी. मृतक रवि कुमार (46) हजारीबाग के केरेडारी का निवासी था. घायल राजबलम के जबड़े में गोली फंसी हुई है.

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे रिम्स रेफर कर दिया, जहां ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है. इधर रातू पुलिस के अनुसार, रवि कुमार का शव देखने से प्रथम दृष्टया कमर के ऊपर किडनी के पास एक गोली लगे होने की बात सामने आयी है. लेकिन शरीर में कितनी गोलियां लगी हैं, यह पोस्टमार्टम के बाद ही यह साफ हो पायेगा.

इधर, हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. पुलिस ने 12 घंटे के भीतर दोनों शूटर को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही उनके चार साजिशकर्ताओं को भी धर दबोचा है. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने कुल 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. रांची पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ के बाद हत्या के पीछे की वजह भी सामने आ जाएगी.

Exit mobile version