Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Naxal: कुख्यात नक्सली कमांडर नकुल यादव और छोटू खरवार का सहयोगी जगन लोहरा गिरफ्तार, पुलिस के साथ 2020 में हुई मुठभेड़ में भी था शामिल

Latehar.लातेहार पुलिस ने लोहरदगा पुलिस के सहयोग से छापेमारी अभियान चलाकर पेशरार थाना क्षेत्र से माओवादी नक्सली जगन लोहरा को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार नक्सली माओवादी कमांडर नकुल यादव और छोटू खरवार का काफी विश्वसनीय सहयोगी था. रविवार को प्रेस वार्ता करते हुए डीएसपी भरत राम ने बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने नक्सली जगन को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली जगन लोहरा अपने गांव लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत करंज टोली आया हुआ है.

सूचना के बाद थाना प्रभारी धीरज कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम गठित की गई और सीमा सुरक्षा बल की टीम तथा लोहरदगा पुलिस की टीम के साथ छापेमारी की गई. पुलिस ने इस दौरान नक्सली जगन को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि नक्सली जगन लोहरा पिछले कई वर्षों से भाकपा माओवादी नक्सली संगठन में सक्रिय था. यह कुख्यात नक्सली कमांडर नकुल यादव और छोटू खरवार के दस्ते में भी काम कर चुका है.

पुलिस के साथ 2020 में हुई मुठभेड़ में भी यह शामिल था. इसके खिलाफ लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के अलावे अन्य सीमावर्ती थाना क्षेत्र में नक्सली हिंसा के मामले दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली से पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी भी प्राप्त हुई है. जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्य योजना तैयार कर रही है.

Exit mobile version