
Latehar.चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र स्थित गेंदरा गांव में रविवार आधी रात नक्सलियों के दो गुटों के बीच खूनी लड़ाई हो गई. वर्चस्व को लेकर हुई इस हिंसक झड़प में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एनआईए का आरोपी समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना रविवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है. अचानक हुई फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबक गए.
पुलिस के अनुसार, लावालौंग निवासी धीरेन्द्र गंझू और चूरामन गंझू अपने समर्थकों के साथ गिरोह बनाकर कुंदा थाना क्षेत्र के गेंदरा गांव में श्याम गंझू के घर पर हमला करने पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से आपसी रंजिश और वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था.
जैसे ही हमलावरों ने हमला किया, दूसरे पक्ष ने भी जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें हमलावर धीरेन्द्र गंझू और चूरामन गंझू को गोली लग गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.इस मुठभेड़ में दूसरे पक्ष से श्याम गंझू उर्फ श्याम भोक्ता, उनकी पत्नी और उनके साले गोपाल गंझू जख्मी हो गये.
