
Medninagar.पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में भूख और बीमारी से विवश दंपती द्वारा मात्र 50 हजार रुपये में अपने नवजात शिशु को बेच देने का सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद प्रशासन और बाल संरक्षण संस्थाएं हरकत में आ गई हैं. इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने शनिवार शाम पलामू के उपायुक्त को गहन जांच करने, पीड़ित परिवार को तत्काल हरसंभव सहायता मुहैया कराने और नवजात शिशु को माता-पिता के पास सुरक्षित वापस लाने का निर्देश दिया.
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है और संबंधित विभागों को परिवार की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है. जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम ने गांव पहुंचकर मामले की जांच की. समिति ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर आश्वासन दिया कि बच्चों की पढ़ाई, रहने-खाने और उपचार की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही परिवार के बच्चों को चार हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई.
