Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: IIIT में छात्र की आत्महत्या के बाद छात्रों में आक्रोश, संस्थान प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, निदेशक के इस्तीफे की मांग

Ranchi. झारखंड की राजधानी रांची स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) के प्रथम वर्ष के एक छात्र का शव रविवार को छात्रावास में उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। शनिवार रात यह घटना तब सामने आई, जब छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया और संस्थान के प्रशासन को इसकी सूचना दी। मृत छात्र की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के निवासी आदित्य के रूप में हुई है। उसकी उम्र 19 से 20 वर्ष के बीच थी। खेलगांव थाने के प्रभारी निर्भय कुमार ने कहा, मृत छात्र बिहार का रहने वाला प्रथम वर्ष का छात्र था। शुरुआती जांच से पता चलता है कि उसने परीक्षा के दबाव में आत्महत्या की। परीक्षाएं आठ अक्टूबर से शुरू हुई थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है.

इस घटना के बाद संस्थान परिसर में कई छात्रों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाए जाने के लिए संस्थान का प्रशासन जिम्मेदार है।

प्रथम वर्ष के छात्र वैभव ने संवाददाताओं से कहा, यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है, क्योंकि पीड़ित उस समय जीवित था। संस्थान के अधिकारियों ने कोई जिम्मेदारी नहीं ली। उनकी एंबुलेंस का चालक नहीं था। कोई भी उसे अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं था। वार्डन ने हमें उसकी जान बचाने के लिए सीपीआर देने से रोक दिया।
सैकड़ों छात्रों ने संस्थान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मृतक के लिए न्याय की मांग की। IIIT रांची के खेलगांव स्थित हॉस्टल में एक छात्र की आत्महत्या की घटना के बाद संस्थान में छात्रों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। घटना से आक्रोशित छात्र संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

छात्रों का आरोप है कि आपात स्थिति के दौरान समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में देरी हुई। एंबुलेंस की उपलब्धता और उसमें ऑक्सीजन जैसी जरूरी सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

Exit mobile version