Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: झारखंड में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का रास्ता साफ,राज्यपाल संतोष गंगवार ने अनुज सिन्हा समेत चार नामों पर जतायी सहमति

Ranchi. झारखंड में सूचना आयुक्तों का रास्ता साफ हो गया है। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने चार नामों पर अपनी सहमति जता दी है। सहमति के बाद लोकभवन से फाइल वापस राज्य सरकार को भेज दी गई है। अब औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आयुक्त अपना पदभार ग्रहण करेंगे। जिन नामों पर राज्यपाल की सहमति मिली है उनमें अनुज सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य खलखो और शिव पूजन पाठक शामिल हैं। यह नियुक्ति सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत की जा रही है, जिससे राज्य में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

इससे पहले झारखंड में सूचना आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कानूनी आपत्तियां जताई थीं और फाइल राज्य सरकार को वापस भेज दी थी। राज्यपाल ने विशेष रूप से उन नामों पर एतराज जताया था, जो सक्रिय राजनीतिक दलों से जुड़े हुए थे। लोकभवन में मुख्य सचिव को निर्देश दिया गया था कि इन नामों पर स्थिति स्पष्ट की जाए। बताया जा रहा है कि राजनीतिक दलों के पदाधिकारी सूचना आयुक्त बनने की निर्धारित योग्यता पूरी नहीं कर रहे थे। इसी आधार पर फाइल लौटा दी गई थी। लेकिन एक बार फिर से नामों पर राज्यपाल की मुहर लग गई है।

हालांकि यहां बता दें कि मुख्य सूचना आयुक्त का पद अब भी खाली है। राज्य सरकार जल्द ही इस पद पर भी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से राज्य में आरटीआई आवेदनों की सुनवाई में तेजी आएगी और लोगों को सूचना के अधिकार का लाभ मिल सकेगा। प्रशासनिक गलियारों में इस फैसले को सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है।

Exit mobile version