
Ranchi. झारखंड पुलिस मुख्यालय ने एसीपी योजना का लाभ देने के लिए राज्य के सभी जिलों से पात्र पुलिसकर्मियों की सूची मांगी थी. समीक्षा के बाद योग्य पाए गए 244 पुलिसकर्मियों को सूची में शामिल किया गया. सूची में शामिल पुलिसकर्मियों के वेतनमान में सुधार किया जाएगा. उनके पे ग्रेड और लेवल में भी बढ़ोतरी की गई है. अधिकारियों का कहना है कि एसीपी योजना का उद्देश्य लंबे समय से एक ही पद पर कार्यरत कर्मियों को आर्थिक लाभ देना है. मुख्यालय की ओर से यह स्पष्ट किया गया कि विभिन्न जिलों और इकाइयों में पदस्थापित पुलिस अधिकारियों को एसीपी और एमएसीपी का लाभ क्षेत्रीय चयन परिषद से प्राप्त नामांकन के आधार पर ही दिया गया है. जिन मामलों में लाभ अबतक लंबित है या पुलिसकर्मियों को अयोग्य श्रेणी में रखा गया है, वहां संबंधित डीआईजी और एसपी को विशेष रूप से निर्देश दिया गया है कि वे त्रुटियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सुधारें। इसके बाद सही नामांकन बोर्ड को उपलब्ध कराएं, ताकि पात्र पुलिसकर्मी समय पर लाभ प्राप्त कर सकें.
डीजीपी कार्यालय ने सभी जिलों को स्पष्ट कर दिया है कि यदि प्रक्रिया के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की गलती या अनियमितता पाई जाती है, तो इसकी जानकारी बिना देर किए पुलिस मुख्यालय को भेजी जाए. इससे समय रहते सुधारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे और लाभ वितरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता के साथ-साथ तेजी भी आ सकेगी.
