Ranchi. कांग्रेस नेत्री और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का आवास खाली करा लिया गया है। धुर्वा स्थित एचईसी परिसर में आवंटित यह आवास अब विधायक पूल के भवनों में शामिल नहीं है। विधायकों के लिए विधानसभा के समीप अलग से आवास बनने के बाद पूर्व में उन्हें आवंटित भवनों को दूसरे अधिकारियों को आवंटित किया जा रहा है। इसी क्रम में अंबा प्रसाद को आवंटित आवास आइपीएस अधिकारी क्रांति गडिदेशी को आवंटित कर दिया गया था।

सूचना के अनुसार, आइपीएस अधिकारी के कर्मियों ने इस आवास को अपने कब्जे में ले लिया है। इससे पूर्व विधायक नाराज हो गई हैं और वहीं पर आवास के बाहर शनिवार की रात टेंट लगवा लिया। बताते चलें कि भवन निर्माण विभाग ने लगभग 10 दिन पूर्व आवास आइपीएस अधिकारी को आवंटित कर दिया था। अम्बा प्रसाद ने इस कार्रवाई के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि छोटी दीपावली के दिन उनके साथ ऐसा हुआ है। किसी का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके और परिवार के लोगों के खिलाफ लगातार ऐसी कार्रवाइयां करवा रहे हैं।


