Ranchi. झारखंड के स्वास्थ्य विभाग ने वर्षों से ड्यूटी से अनुपस्थित 631 चिकित्सकों की पहचान की है और उनकी सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि पिछले साल विभाग ने नियुक्ति के बाद ड्यूटी पर नहीं आने के कारण 86 चिकित्सा अधिकारियों और 57 विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं समाप्त कर दी थीं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने 1990 या उसके बाद नियुक्त किए गए उन चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है, जो या तो अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे या लंबे समय से अनुपस्थित हैं। बयान में कहा गया, विभाग ने ऐसे 631 चिकित्सकों की पहचान की है। अब इन मामलों की समीक्षा की जा रही है और नियमों के अनुसार उनकी सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।”

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, नियुक्ति के बाद ड्यूटी पर नहीं आना या वैध कारण के बिना अनुपस्थित रहना गंभीर मामला है। ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अंसारी ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में चिकित्सकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के हर सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिले। मंत्री ने कहा, इन रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने और यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे कि मरीजों को किसी तरह की असुविधा न हो।”

