Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: बारिश और वज्रपात का कहर, दो महिलाओं की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत, दीवार गिरने से एक व्यक्ति की गयी जान

Ranchi. रांची जिले में सोमवार को वर्षा से संबंधित दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, पहली घटना में सोनाहातू थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में 40 वर्षीय व्यक्ति पर दीवार गिर गई, जब वह अपने दो बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रहा था.
पहली घटना दोपहर में रांची से करीब 60 किलोमीटर दूर साओडीह गांव में हुई. दोनों महिलाएं एक तालाब के पास मवेशी चरा रही थीं, तभी आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान रमनी देवी (61) और द्रौपदी देवी (40) के रूप में की गई है.
सोनाहातू थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया, दोनों महिलाएं तालाब के पास मवेशी चरा रही थीं, तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी. इस घटना में एक भैंस की भी मौत हो गई.
उन्होंने बताया कि दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. दूसरी घटना रांची शहर के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के तहत बशरत टोली में हुई. लोअर बाजार थाना प्रभारी दयानंद ने बताया, बबलू उरांव (40) अपने दो बच्चों के साथ स्कूल से लौट रहे थे, तभी अचानक एक दीवार उनके ऊपर गिर गई. तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई.

Exit mobile version