Ranchi. रांची में केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान में करीब चार महीने पहले स्नातकोत्तर (पीजी) के एक छात्र ने कथित तौर पर छात्रावास के कमरे में एक प्रशिक्षु से बलात्कार किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षु ने पड़ोसी राज्य में जीरो प्राथमिकी दर्ज कराई थी और मामला यहां के कांके थाने में स्थानांतरित किए जाने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने कहा, रविवार को यहां नयी प्राथमिकी दर्ज होने के एक दिन बाद हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लड़की डरी हुई थी और सदमे में थी इसी वजह से पुलिस को मामले की जानकारी देने में देरी हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी राजस्थान का रहने वाला है और एम.फिल क्लीनिकल (स्नातकोत्तर) का छात्र है।
अधिकारी के अनुसार, प्रशिक्षु 28 जून को मनोमितीय परीक्षण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी लेने के लिए छात्रावास में आरोपी के कमरे में गई थी, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। उन्होंने कहा, शिकायतकर्ता के अनुसार, स्नातकोत्तर छात्र ने पानी के गिलास में नशीला पदार्थ मिलाया था और प्रशिक्षु ने वह पानी पी लिया। कमरे में रहने के दौरान स्नातकोत्तर छात्र ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
