
Ranchi. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने बुधवार को आरोप लगाया कि रांची स्थित उसके कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम फेंके गए। रांची में आरएसएस के मीडिया समन्वय प्रमुख स्निग्ध रंजन ने बताया कि यह घटना चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित संगठन के कार्यालय में देर रात करीब साढ़े 12 बजे हुई।
पुलिस ने कहा कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने कहा, घटनास्थल से कांच की दो बोतल के टुकड़े मिले हैं। बोतलों में मौजूद पदार्थ का पता लगाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। यह पूछे जाने पर कि क्या वे पेट्रोल बम थे, उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही इस बारे में कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
