
Ranchi. झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग से उन मतदाताओं के लिए सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाने का आग्रह किया, जिन्हें मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभ्यास के दौरान ‘असत्यापित’ और ‘विसंगति’ वाले मतदाताओं के रूप में चिह्नित किया गया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रक्रिया से अनावश्यक परेशानी हो रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने कहा कि विसंगति वाले मतदाताओं की सूची पहले ही तैयार की जा चुकी है और असत्यापित मतदाताओं की पहचान भी कर ली गई है। पार्टी ने सवाल उठाया कि इस प्रक्रिया में कई चरणों में नोटिस जारी किए जाने, दस्तावेज जमा करने, सत्यापन और सुनवाई की जरूरत क्यों पड़ी।
