
Ranchi. झारखंड में 14वीं जेपीएससी रद्द करने की मांग को लेकर छात्र 14 दिनों से धरने पर बैठे हैं। इसी बीच शुक्रवार देर रात छात्रों और सरकार के डेलिगेशन के बीच मीटिंग हुई। रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में छात्रों और सरकार के डेलिगेशन के बीच एक घंटे मीटिंग हुई। हालांकि, छात्रों का आंदोलन अभी जारी रहेगा।
मीटिंग खत्म होने के बाद राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ छात्र नेता रवींद्र पासवान और राजेश प्रसाद ने कहा, ‘यह हमारी पहली बैठक थी, जो बहुत सकारात्मक रही। सभी के साथ बैठकर परिवार जैसा महसूस हुआ। यह वाकई एक सकारात्मक बैठक थी। हमें भरोसा है कि सरकार, मुख्यमंत्री और सभी मंत्री हमारी मांगों को मानेंगे।’
प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक सदस्य ने कहा, ‘बैठक में हमने अपनी मांगें रखी हैं। हमारी बातों को गंभीरता से लिया गया है। सरकार के डेलिगेशन मुख्यमंत्री से बात करेंगे और कोई न कोई समाधान निकालेंगे। अभी और बातचीत होगी। तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा, ‘हमने छात्रों के साथ अच्छे माहौल में बैठक की। छात्रों की मांगों को समझा। सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है।’
सरकार की ओर से मंत्री चमरा लिंडा, सुदिव्य सोनू, दीपिका पांडे सिंह और संजय सिंह बैठक में शामिल हुए। वहीं, छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में रवीन्द्र पासवान, पीयूष कुमार, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, अंकित राज, कार्तिक सोरेन, शालू कुमारी, रवींद्र कुमार रवि, आनंद कुमार और अंकित कुमार शामिल हुए।
