Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Tourism: झारखंड टूरिज्म डिपार्टमेंट का ब्रांड एंबेसडर होंगे महेंद्र सिंह धोनी, जल्द MOU होने की उम्मीद

Ranchi.भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और रांची निवासी महेंद्र सिंह धोनी (एमएस धोनी) को झारखंड टूरिज्म डिपार्टमेंट का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। इसे लेकर झारखंड सरकार और एमएस धोनी के बीच जल्द ही एमओयू (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।

सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए इस दिशा में पहल कर रही है। एमएस धोनी जैसे वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय चेहरे के जुड़ने से झारखंड टूरिज्म की ब्रांड वैल्यू को मजबूती मिलेगी और राज्य के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिल सकेगी।

झारखंड में नेतरहाट, बेतला, पारसनाथ, रजरप्पा, हुंडरू फॉल, दशम फॉल जैसे कई प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन स्थल हैं, लेकिन अब तक इनका प्रचार अपेक्षित स्तर पर नहीं हो सका है। सरकार का मानना है कि धोनी के ब्रांड एंबेसडर बनने से राज्य के पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रचार होगा और पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा।

एमएस धोनी का झारखंड से गहरा जुड़ाव रहा है। रांची में जन्मे और यहीं से क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले धोनी आज भी अपने गृह राज्य से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं। इससे पहले भी वे कई मौकों पर झारखंड का नाम देश-दुनिया में रोशन कर चुके हैं।

सरकारी स्तर पर एमओयू की प्रक्रिया लगभग अंतिम चरण में बताई जा रही है। औपचारिक हस्ताक्षर के बाद झारखंड टूरिज्म के प्रचार-प्रसार से जुड़े अभियानों में एमएस धोनी की सक्रिय भूमिका देखने को मिलेगी। माना जा रहा है कि यह कदम राज्य के पर्यटन विकास को नई दिशा देगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ाएगा।

Exit mobile version