Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: जादू टोने के संदेह में आदिवासी दंपति और उनके नाबालिग बेटे की बेरहमी से हत्या

Godda. झारखंड के गोड्डा जिले में जादू टोना करने के संदेह में एक आदिवासी दंपति और उनके नाबालिग बेटे की कथित तौर पर उनके रिश्तेदारों ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार देर रात देवदानर पुलिस थाना क्षेत्र के डांगां टोला में हुई और पुलिस ने मंगलवार को शव बरामद किए। गोड्डा के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अशोक रविदास ने को बताया, ‘गोड्डा के डांगा टोला में एक आदिवासी दंपति और उनके नाबालिग बेटे की हत्या कर दी गई।

प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पीड़ितों की हत्या जादू-टोना करने के संदेह में की गई। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें शक था कि ये लोग जादू-टोना करते हैं।

अधिकारी ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। देवदानर के थाना प्रभारी अमित मार्की ने बताया कि मारे गए आदिवासी दंपति की पहचान दरबारी मुर्मू (55) और उनकी पत्नी माकी बास्की (50) के रूप में हुई है। इस घटना में मारे गए उनके बेटे की उम्र करीब 12 साल थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा के सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

Exit mobile version