
Garhwa.गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र के बाना गांव में बीती रात कार व बाइक की हुई टक्कर में दो सगे भाइयों की मौत हो गयी और तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा मेराल-डंडई मुख्य मार्ग पर हुआ, जब तीनों भाई अपनी बहन के घर से हल्दी की रस्म अदा कर वापस लौट रहे थे. मृतकों में पंकज विश्वकर्मा (22) और विवेक विश्वकर्मा (27) शामिल हैं, जबकि अंबिका विश्वकर्मा (35) गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वे तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे, जब उनकी टक्कर कार से हो गयी.
यह कार डंडई निवासी उदय विश्वकर्मा की बतायी जा रही है. दुर्घटना रात करीब 10:30 बजे हुई, जिसमें दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गयी. घटनास्थल के समीप रहने वाली सुनीता देवी और कृष्णदेव प्रजापति ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे और दर्द से चिल्लाने लगे. जैसे ही आसपास के लोग वहां पहुंचे, कार में सवार सभी लोग वाहन को छोड़कर भाग गये. मौके पर शराब की बोतलें भी मिली है. दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन व एंबुलेंस को सूचना दी गयी, लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच पायी. पीड़ितों को रातभर सहायता के बिना रहना पड़ा. स्थानीय लोगों ने घायलों को किसी तरह गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
