
Ranchi. खूंटी जिले में भारी बारिश के कारण एक कुआं ढह जाने से दो स्कूली छात्र मिट्टी के नीचे दब गए. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि मुरहू थाना क्षेत्र के तहत मुरहू पंचायत में बुधवार को यह घटना तब हुई जब दोनों छात्र कुएं के नजदीक थे. खूंटी की उपायुक्त आर रॉनिटा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के एक दल को बचाव अभियान में तैनात किया गया है.
बचाव अभियान बुधवार रात से ही जारी है लेकिन मिट्टी में दबे छात्रों का अभी पता नहीं चल पाया है. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश के कारण जनजीवन बाधित हो गया है. भारी बारिश के मद्देनजर बृहस्पतिवार को रांची और खूंटी समेत कई जिलों में स्कूल बंद हैं. एनडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि इन जिलों में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए दलों को सतर्क किया गया है.
