Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: CO सविता सिंह का युवक को लाठी से मारते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जांच के आदेश

Hazaribag.इटखोरी के अंचल अधिकारी सविता सिंह का युवक को लाठी से मारते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने लगा है। इस मामले को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह झारखंड विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उठाया है। बाबूलाल मरांडी ने अपने ट्विटर (एक्स) और फेसबुक पेज पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि चतरा जिले में पुलिस की मौजूदगी में एक महिला सीओ द्वारा युवकों के सिर पर डंडे से प्रहार करने की घटना बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासनिक पद पर बैठे किसी भी अधिकारी से संयम, संवेदनशीलता और कानून सम्मत आचरण की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि कानून लागू कराने का दायित्व जिनके कंधों पर है,

यदि वही कानून हाथ में लेने लगें तो यह व्यवस्था की मूल भावना पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। यदि संबंधित युवकों से कोई गलती हुई भी थी, तो उसके लिए विधि सम्मत कार्रवाई के प्रावधान मौजूद हैं। बीच सड़क इस प्रकार सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित करना न तो न्यायसंगत है और न ही प्रशासनिक मर्यादा के अनुरूप है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ऐसी घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और प्रशासन की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं।

उन्होंने चतरा की उपायुक्त कृतिश्री से मांग की है कि संबंधित सीओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाये तथा प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाये। पूरे मामले में डीसी कृतिश्री ने कहा कि इटखोरी सीओ के वायरल वीडियो के मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Exit mobile version