Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: स्टोन प्लांट में डेटोनेटर लगाने को लेकर ग्रामीणों के साथ हिंसक झड़प, चार पुलिसकर्मी घायल, 3 महिलाओं सहित 14 लोगों को हिरासत में लिया

Medninagar.पलामू जिले में बुधवार को एक क्रशर प्लांट स्थल पर डेटोनेटर लगाने को लेकर ग्रामीणों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़प में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. इस सिलसिले में तीन महिलाओं सहित कम से कम 14 लोगों को हिरासत में लिया गया. यह घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रेवारातु गांव के पास उस समय हुई जब अदालती आदेश के बाद सुरक्षा बल, पट्टाधारक को डेटोनेटर से एक पहाड़ी को उड़ाने में मदद करने पहुंचे। ग्रामीणों और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई, जो झड़प में बदल गई.

लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मनोज कुमार झा ने बताया कि अदालत के आदेश पर पुलिस बल डेटोनेटर से पहाड़ी तोड़ने में मदद के लिए वहां गया था. ग्रामीणों ने विरोध किया और पथराव शुरू कर दिया, जिससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. झा ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों का फिलहाल एक अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है. उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और तीन महिलाओं सहित कम से कम 14 लोगों को हिरासत में लिया.

एसडीपीओ ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन काम रोक दिया गया है। उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और उनसे निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है.

एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी को पट्टे पर देने से पहले, संबंधित पट्टाधारक ने एक क्रशर प्लांट लगाया था और प्लांट को पत्थर की आपूर्ति के लिए उसने पहाड़ी की खुदाई का लाइसेंस भी लिया था. ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी से पत्थर निकालने से पर्यावरण और उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा.

Exit mobile version