Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Weather : उतराखंड में बर्फबारी से झारखंड में दो दिन बदला-बदला रहेगा मौसम, सुबह-शाम ठंड का अहसास करायेगी हवा

रांची. देश के उत्तरी हिस्से में हुई बर्फबारी और बारिश के कारण झारखंड के मौसम में बदलाव नजर आ रहा है. राजधानी रांची सहित राज्य के तमाम जिलों में सुबह से ही ठंडी हवा चल रही है. मौसम में अगले दो दिनों के दौरान बदलाव संभव है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस दौरान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आएगी, जबकि उसके बाद तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो जाएगी.

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम शुष्क बना रहेगा. सुबह और शाम में तापमान में कमी ठंडी हवा चलने से कनकनी का एहसास होगा. अगले तीन दिन तक न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री के बीच रहने वाला है.

रांची समेत अन्य जिलों में हवा में ठंड है. आने वाले दो–तीन दिन तक ऐसे ही स्थिति रहने की संभावना है. मौसम केंद्र के अनुसार, आज बारिश की संभावना नहीं है. अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री के गिरावट दर्ज की जा सकती है. अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. इस कारण आपको दोपहर में हल्की धूप और कनकनी महसूस होगी. सुबह और शाम में ठंडी हवा चलेगी.

बहरागोड़ा सबसे गर्म, गढ़वा में रही ठंड

बीते 24 घंटे की मौसम की बात करें तो बुधवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बहरागोड़ा का रहा. यहां का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. वहीं सबसे कम तापमान गढ़वा जिला का रहा. जहां का तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. बात राजधानी रांची के 24 घंटे के दौरान के मौसम की करें तो अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री की कमी आई.
राजधानी के तापमान में आई गिरावट

मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़े बताते हैं कि वह रांची का अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे में 2.9 डिग्री सेल्सियस गिर गया. बुधवार को अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है. वहीं न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक तथा 24 घंटे में 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है.

Exit mobile version