Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Weather: बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर का असर,जमशेदपुर सहित झारखंड में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश

Jamshedpur. बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया का असर झारखंड में दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने जमशेदपुर सहित दक्षिणी झारखंड के विभिन्न जिलों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। 23 से 27 अगस्त तक क्षेत्र में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तटीय क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र पूरी तरह सक्रिय है। इसके उत्तर ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों की ओर आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है।

इसके प्रभाव से झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव आया है और मानसून की गतिविधियां एक बार फिर से तेज हो गई हैं। पूर्वी सिंहभूम जिला दक्षिणी झारखंड के प्रमुख हिस्से में होने के कारण जमशेदपुर शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का व्यापक असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 और 25 अगस्त को दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में रुक-रुककर और कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।

वहीं, 26 अगस्त को दक्षिण-पश्चिमी व दक्षिणी-मध्य झारखंड तथा 27 अगस्त को भी दक्षिणी भागों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version