Site icon Lahar Chakra

Jharkhand: जंगली हाथियों का उत्पात जारी, अब रामगढ़ में तीन लोगों को पटक-पटककर मार डाला

Ramgarh. झारखंड के रामगढ़ जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में जंगली हाथियों के हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति सहित तीन लोगों की कुचल जाने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाएं गोला पुलिस थाना क्षेत्र के भीतर हुईं। एक घटना बांदा गांव में हुई, जहां दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना मुरपा गांव में हुई, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति को जंगली हाथियों ने कुचलकर मार डाला।
गोला पुलिस थाना प्रभारी अधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया, “शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर जंगली हाथियों के हमले में तीन लोग मारे गए। तीनों पुरुष थे। मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं और उन्हें सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान पटरातु के तालतंद निवासी धीरज कुमार (26), मुरपा गांव के जुगल भुइयां (30) और सामदेव साव (73) के रूप में हुई है। रामगढ़ के डीएफओ नीतीश कुमार ने कहा, “हमने पीड़ितों के परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 25,000 रुपये प्रति परिवार प्रदान किए हैं, जबकि शेष मुआवजा कुछ औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद दिया जाएगा। झारखंड सरकार हाथी के हमले से हुई मृत्यु की स्थिति में चार लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करती है।

Exit mobile version