
Latehar. वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) और पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की एक संयुक्त टीम ने झारखंड के लातेहार में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अभियान के तहत टीम ने पिछले दो दिनों में महुआडांड़ और गारू थाना क्षेत्रों में छापेमारी की.
पीटीआर के उपनिदेशक प्रजेश कांत जेना ने कहा, ‘हमने तीन देसी बंदूक, पैंगोलिन के 4.3 किलो शल्क, वन्यजीवों की हड्डियों का चूर्ण और मोर के पैर जब्त किए हैं. इस अभियान में किसी महिला तस्कर की पहली गिरफ्तारी हुई है. उसके घर से बंदूकें बरामद की गईं.
गिरफ्तार किए गए सभी लोगों पर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उन्हें जेल भेज दिया गया है. शुक्रवार को पलामू के मेदिनीनगर में 10.5 किलोग्राम पैंगोलिन शल्क के साथ सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था.
