Site icon Lahar Chakra

JSSC Exam: प्रवेश-पत्र मिलने में देरी, सुदूर परीक्षा केंद्र के कारण जेएसएससी की परीक्षा नहीं दे पाये जमशेदपुर, चाईबासा समेत कई जिलों केपरीक्षार्थी

Ranchi. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग जेएसएससी की क्षेत्रीय कर्मी भर्ती परीक्षा के कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि प्रवेश-पत्र में देरी और सुदूर परीक्षा केंद्र होने के कारण उन्हें 19 जुलाई की परीक्षा छोड़नी पड़ी। यह परीक्षा 510 क्षेत्रीय कर्मी पदों के लिए आयोजित की गई थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कुल 3,22,867 अभ्यर्थियों में से केवल 86,644 ही परीक्षा में शामिल हुए। इस पद के लिए आयोग ने 2024 में विज्ञापन दिया था। पश्चिमी सिंहभूम ज़िले के रामदा गांव के राजेश लोहार ने दावा किया कि उन्हें जेएसएससी क्षेत्रीय कर्मी प्रतिस्पर्धा परीक्षा-2024 का प्रवेश-पत्र परीक्षा के लिए रिपोर्ट करने के समय से कुछ ही मिनट पहले मिला।

उन्होंने दावा किया कि आयोग ने परीक्षा वाले दिन 19 जुलाई को दोपहर 2:59 बजे प्रवेश-पत्र की सूचना वाला ईमेल भेजा, जबकि परीक्षा केंद्र के गेट दोपहर तीन बजे बंद होने वाले थे। लोहार ने बताया कि जब उन्हें ईमेल मिला, तब वह जमशेदपुर में दिहाड़ी मज़दूर के तौर पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ईमेल में बताया गया था कि उनका परीक्षा केंद्र लातेहार में है, जो वहां से लगभग 240 किलोमीटर दूर है।

उन्होंने कहा, ‘दूरी और ईमेल मिलने के समय को देखते हुए, मेरे लिए परीक्षा केंद्र तक पहुंचना एवं परीक्षा में शामिल होना मुमकिन नहीं था।’ पलामू जिले के डाल्टनगंज के मुकेश प्रजापति ने बताया कि उन्हें गोड्डा में परीक्षा केंद्र मिला था, जो लगभग 600 किलोमीटर दूर है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने 16 जुलाई को जेएसएससी की वेबसाइट से अपना प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर लिया था, लेकिन सूचना मिलने पर इतने कम समय में इतनी दूर सफर करना मुश्किल था। उन्होंने कहा, ‘मैं परीक्षा देना चाहता था, लेकिन दूरी, भारी बारिश और परिवहन की कमी के कारण ऐसा करना नामुमकिन हो गया।

अगर केंद्र पास होता, तो मैं शायद इंतज़ाम कर लेता।’आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता ने कहा, ‘‘हमने 11 जुलाई से 14 जुलाई तक सभी अभ्यर्थियों के लिए शहर से जुड़ी जानकारी अपलोड कर दी थी, जबकि प्रवेश-पत्र की जानकारी 16 जुलाई को अपलोड की गई थी। वे आसानी से शहर की जानकारी वाली पर्ची देख सकते थे और वेबसाइट से प्रवेश-पत्र डाउनलोड कर सकते थे।’’हालांकि गुप्ता ने परीक्षा में अभ्यर्थियों की कम उपस्थिति पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘अभ्यर्थियों से पूछिए। मैं इसपर कुछ नहीं कह सकता।’’

Exit mobile version