
Jamahedpur: जुगसलाई नगर परिषद का चुनाव बेहद ही रोमांचक हो चुका है। ऐसे में सोमवार सुबह बूथों पर धीरे-धीरे मतदाताओं की संख्या बढ़ती जा रही है। जुगसलाई में मतदान से एक दिन पहले भाजपा समर्थित प्रत्याशी को टक्कर दे रही बलविंदर कौर और इंदु देवी ने अचानक से चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया। ऐसे में अब यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी बनाम झारखंड मुक्ति मोर्चा हो गया है।जिसमें भाजपा प्रत्याशी के रूप में रिंकू सिंह हैं, तो वहीं झामुमो प्रत्याशी के रूप में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हिदायत खान की पत्नी नौशीन खान हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच मेयर पद को लेकर कांटे की टक्कर देखी जा रही है।
जुगसलाई का चुनाव बेहद ही रोमांचक हो चुका है। जुगसलाई में मतदान को लेकर सुबह से ही गहमा-गहमी है। यहां मेयर पद के अलावा वार्ड सदस्य के 41 पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं। ऐसे में वार्ड स्तर पर प्रत्याशी खुद ही मैदान में उतरे हुए हैं और उनके समर्थक मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदान करने की अपील कर रहे हैं। वहीं, कुछ प्रत्याशी तो मतदाताओं को साथ लेकर आ रहे हैं ताकि उनके समर्थन में अधिक से अधिक वोट पड़ सके।
आरपी पटेल स्कूल की बूथ से अध्यक्ष प्रत्याशी को निकाला
जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रही रिंकू सिंह को पुलिसकर्मियों ने आरपी पटेल स्कूल की एक बूथ से बाहर निकाल दिया । बूथ भ्रमण के दौरान रिंकू सिंह पोलिंग एजेंट से मिलने अंदर गई थी। पुलिस द्वारा रिंकू सिंह को बाहर निकलने पर लोगों ने नाराजगी भी जताई। इधर अध्यक्ष पद की एक महिला उम्मीदवार डॉली मल्लिक भी समर्थकों के साथ बूथ दर बूथ घूम कर वोट देने के लिए कतार में खड़े लोगों से मिल रही थी।
