Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur NEWS: करीम सिटी कॉलेज में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोकसभा

जमशेदपुर। करीम सिटी कॉलेज में झारखंड के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज सहित शिक्षकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्राचार्य ने जताया गहरा दुख

शोकसभा को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने बताया कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की गिरिडीह में देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। हार्ट अटैक को उनकी मौत का कारण बताया जा रहा है।

प्राचार्य ने कहा कि शिक्षा जगत के लिए यह बेहद दुखद क्षण है। एक शिक्षा मंत्री का अचानक निधन अपूरणीय क्षति है।

शिक्षकों ने दी श्रद्धांजलि

इसके बाद कॉलेज के अन्य शिक्षकों ने भी बारी-बारी से अपने विचार व्यक्त किए और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि दी। शिक्षकों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा जगत के लिए बड़ी क्षति बताया।

पांच मिनट का मौन रखकर प्रार्थना

शोकसभा के अंत में सभी ने पांच मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कभी न भरने वाले नुकसान को सहने की शक्ति और साहस प्रदान करने की कामना की गई।

Exit mobile version