
Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक कच्चे मकान के बुधवार को ढह जाने से 30 वर्षीय आदिवासी महिला की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि चाईबासा सदर थाना अंतर्गत बरकंडा टोली गांव में यह हादसा हुआ. चाईबासा सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया और बाद में उसके परिजनों को सौंप दिया गया. ग्रामीणों ने बताया कि महिला घर का फर्श साफ कर रही थी तभी घर की दीवार ढह गई. भारी बारिश के कारण घर की दीवारों में दरारें पड़ गई थीं. इथर, पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर स्थित कुम्हार पाड़ा में गुरुवार को भारी बारिश के कारण दो कच्चे मकानों की दीवारें अचानक ढह गईं. हादसे में किसी की जान तो नहीं गई, लेकिन घरों में रह रहे परिवारों को हल्की चोटें आईं और उनका काफी सामान नष्ट हो गया. घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं.
घटना की जानकारी के अनुसार, बारिश के कारण राजेश तामान और भगत दास के कच्चे मकानों की दीवारें भरभराकर गिर गईं. घटना के समय घर के सदस्य अंदर ही मौजूद थे, लेकिन समय रहते बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया हालांकि, दीवार गिरने से घर के कई जरूरी सामान मलबे में दब गए और खराब हो गए. दोनों परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं और अब उनके पास सिर छुपाने तक की जगह नहीं बची है.
